सोजत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला संघचालक डॉ. श्रीलाल जी का 82वां जन्मदिवस श्रद्धा, सम्मान और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने माला, साफा एवं दुपट्टा पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
स्वागत के उपरांत अपने संबोधन में डॉ. श्रीलाल जी ने सभी के स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए पंचभूतात्मक प्रकृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल बचाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जोगेश कुमार जोशी ने कहा कि डॉ. श्रीलाल जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और जीव सेवा को समर्पित किया है। राजकीय सेवा के दौरान उन्होंने अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखा। उन्होंने समाज में प्रकृति संरक्षण, पेड़-पौधों के संवर्धन, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरण का कार्य निरंतर किया और आज भी अनेक लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने आहुतियां अर्पित कर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और समाज सेवा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के संतोष सिंह, रतन बंजारा, रणजीत सिंह, महेंद्र टाक, वीरेंद्र सिंह राजपुरोहित, कैलाश माली, सोहनलाल माली, सुगनचंद माली, अम्बालाल जोशी, सेंटू सेन, हिमांशु बंजारा, नरपतजी माली, डिम्पी, मयूरी, अविराज, जतिन सहित कॉलोनी के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

