सोजत सिटी। आगामी 19 अगस्त 2026 को विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह के आमंत्रण के लिए पाली डिस्ट्रिक्ट फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को सोजत का दौरा किया। इस दौरान सोजत सिटी स्थित दलवीर स्टूडियो में फोटोग्राफरों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सोजत तहसील के फोटोग्राफर साथियों ने पाली से आए प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक में प्रतिनिधियों ने विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह की रूपरेखा और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े कलाकारों, स्टूडियो संचालकों एवं युवा फोटोग्राफरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच होगा, जहां वे अपने अनुभव साझा करेंगे, आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे तथा आपसी सहयोग और समन्वय को मजबूत करेंगे।
सोजत के फोटोग्राफरों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के अधिक से अधिक फोटोग्राफर साथियों को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास करेंगे। बैठक में फोटोग्राफरों के हितों, उनकी समस्याओं तथा जरूरतमंद साथियों के सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सार्थक चर्चा की गई।
इस अवसर पर विनोद राय भटनागर, पूर्व अध्यक्ष राकेश भटनागर, राजेंद्र मकवाना, सुनील सेन, गौरीशंकर, दिनेश माली, हसमुख बिलावास, ताराचंद सहित सोजत क्षेत्र के अनेक फोटोग्राफर उपस्थित रहे।

