पाली। “इरादे नेक हों तो रास्ते निकल आते हैं, एकता हो तो बड़े से बड़े पत्थर भी हिल जाते हैं।” इसी मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए ‘स्कूल शिक्षा परिवार पाली’ ने संगठन की एकजुटता और सक्रियता का एक अनूठा उदाहरण पेश किया है। नवनियुक्त जिला प्रभारी श्री जितेंद्र सोलंकी जी के पदभार ग्रहण करने के महज 24 घंटे के भीतर संगठन ने पाली के निजी विद्यालयों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रमुख जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा।

स्कूल शिक्षा परिवार पाली के जिलाध्यक्ष श्री राम सिंह जी गोहिल के नेतृत्व और जिला प्रभारी श्री जितेंद्र सोलंकी जी की तत्परता से 24 घंटे के भीतर ही पांच प्रमुख राजनेताओं से संवाद कर समय मांगा गया। इसके तहत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पाली विधायक श्री भीमराज जी भाटी, भाजपा विधानसभा प्रत्याशी व पूर्व विधायक श्री ज्ञानचंद जी पारख एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुनील जी भंडारी से मुलाकात कर निजी विद्यालयों के संरक्षण और अधिकारों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। (दो अन्य जनप्रतिनिधियों से उनके पाली से बाहर होने के कारण आगामी तिथियों में मुलाकात तय की जाएगी।)
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में निजी स्कूल संचालकों की मौजूदगी रही, जो संगठन के प्रति अटूट विश्वास और अधिकारों के प्रति संघर्ष की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी से प्रतिस्पर्धा करना नहीं, बल्कि निजी विद्यालयों की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है।

अध्यक्ष, जिला प्रभारी और समस्त स्कूल संचालकों की यह एकजुटता इस बात का संदेश है कि जब मंशा साफ और इरादे मजबूत हों, तो समय कभी बाधा नहीं बनता।


