भाजपा-कांग्रेस ने अब तक अधिकृत सूची नहीं की सार्वजनिक, फोन पर प्रत्याशियों को दिए नामांकन के निर्देश; कई दिग्गज आज भरेंगे पर्चा, सोशल मीडिया पर भी शुरू हुआ प्रचार।
सोजत। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सोजत में सियासी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों ने अब तक अपने प्रत्याशियों की अधिकृत सूची सार्वजनिक नहीं की है। इसके बावजूद कई संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अपनी उम्मीदवारी का प्रचार शुरू कर चुके हैं और समर्थकों के साथ नामांकन की तैयारियों में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों दलों के पार्टी पदाधिकारियों ने चयनित प्रत्याशियों को फोन के माध्यम से सूचना देकर आज निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में अंतिम दिन सोजत में नामांकन को लेकर भारी राजनीतिक हलचल देखने को मिल सकती है। कई प्रमुख और दिग्गज नेता भी आज अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच सकते हैं।
सूची सार्वजनिक नहीं, फिर भी प्रत्याशी मैदान में
दिलचस्प बात यह है कि पार्टी की ओर से अधिकृत सूची जारी नहीं होने के बावजूद कई प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरों और समर्थकों के संदेशों के साथ प्रचार शुरू कर दिया है। इससे सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है कि आखिर किन चेहरों को पार्टी का आधिकारिक समर्थन मिला है।
बगावत रोकने के लिए ‘गोपनीय रणनीति’?
भाजपा और कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक करने में हो रही देरी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि दोनों दल अंतिम समय तक उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक न कर संभावित बागियों को सक्रिय होने का मौका नहीं देना चाहते।
दरअसल, पार्टी की अधिकृत सूची जारी होते ही टिकट से वंचित दावेदारों में नाराजगी और बगावत के सुर उठने की संभावना रहती है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों ने नामांकन की अंतिम तारीख तक प्रत्याशियों के नामों को काफी हद तक गोपनीय रखने की रणनीति अपनाई है।
आज खुलेगा चुनावी तस्वीर का बड़ा राज
नामांकन का अंतिम दिन सोजत की चुनावी राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आज नामांकन के साथ कई प्रत्याशियों की स्थिति साफ होगी और यह भी सामने आएगा कि कौन पार्टी के अधिकृत समर्थन के साथ मैदान में है और कौन निर्दलीय ताल ठोक रहे है।
अब निगाहें आज होने वाले नामांकन पर टिकी हैं। अंतिम दिन दाखिल होने वाले नामांकन और प्रत्याशियों की सक्रियता के बाद सोजत नगर निकाय चुनाव का सियासी गणित और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

