महंत महावीर गिरी जी महाराज की सवा साल की खड़ी तपस्या पूर्ण होने पर होगा धार्मिक कार्यक्रम, संत-महात्माओं की उपस्थिति में श्रद्धालु करेंगे दर्शन.
सोजत। शहर के प्रसिद्ध भूतेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का विशेष आयोजन होगा। महंत श्री महावीर गिरी जी महाराज की सवा साल की कठिन खड़ी तपस्या पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में सुबह 9:15 बजे राम दरबार की स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर माह प्रसादी का आयोजन भी होगा। धार्मिक कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
संकल्प पूर्ण होने पर होगा धार्मिक आयोजन…
महंत श्री महावीर गिरी जी महाराज ने बताया कि भूतेश्वर महादेव मंदिर में सवा साल की खड़ी तपस्या प्रारंभ करने के पीछे मंदिर में बजरंगबली की नई मूर्ति की स्थापना और माह प्रसादी के आयोजन का संकल्प प्रमुख था। इसी संकल्प की पूर्ति के अवसर पर मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहेगा।
संत-महात्माओं की उपस्थिति में होंगे दर्शन…
इस पावन अवसर पर श्री श्री 1008 अशोक गिरी जी महाराज देव की उपस्थिति रहेगी। राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा एवं माह प्रसादी को लेकर मंदिर के भक्तों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए भक्तगण व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
धार्मिक आस्था, तपस्या और सेवा भावना से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। आयोजन के दौरान भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहेगा।

