सोजत। राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (RGHS) में आ रही समस्याओं को लेकर पेंशनर समाज सोजत शाखा अध्यक्ष लालचंद मोयल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में पेंशनर्स ने मांग की कि आरजीएचएस योजना को बीमा मोड पर नहीं दिया जाए तथा पेंशनर्स के लिए वर्तमान ओपीडी एवं आईपीडी व्यवस्था को यथावत जारी रखा जाए। साथ ही मूल योजना में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की मांग भी उठाई गई।
पेंशनर्स ने ज्ञापन में बताया कि आरजीएचएस के अंतर्गत निशुल्क चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से कई पेंशनर्स को निजी रूप से नकद भुगतान कर इलाज करवाना पड़ा। उन्होंने मांग की कि 14 अप्रैल 2026 से पुनः निशुल्क चिकित्सा सुविधा शुरू होने तक जिन पेंशनर्स ने नकद भुगतान किया है, उनकी सम्पूर्ण राशि का पुनर्भरण किया जाए।
इसके अलावा अनुमोदित अस्पतालों एवं फार्मा स्टोर्स को समयबद्ध नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई, ताकि पेंशनर्स को बार-बार होने वाली परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पेंशनर समाज सचिव रामस्वरूप भटनागर, शारीरिक शिक्षा संघ पाली जिला संरक्षक सत्तूसिंह भाटी, चेतन व्यास, जगदीश सिंह गहलोत, डॉ. रशीद गौरी, शंकर लाल पारीक, एडवोकेट जुगल किशोर दवे, पारस सिंगाड़िया, ओमप्रकाश कछवाह, करण सिंह मोयल, कैलाश दान चारण सहित कई पेंशनर्स उपस्थित रहे।


