सोजत में सर्व हिंदू समाज सामूहिक विवाह समिति द्वारा सामाजिक सरोकार और गौ सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया जा रहा है। समिति द्वारा 21 फरवरी 2026 को सोजत सेवा मण्डल की सोजत वाटिका में 17 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न करवाया गया था। विवाह आयोजन के पश्चात कुल दो लाख तेरह हजार तीन सौ रुपए की बचत हुई। भीषण गर्मी को देखते हुए समिति ने इस राशि को गौ सेवा में उपयोग करने का निर्णय लिया।
इसी उद्देश्य को लेकर सोजत स्थित श्री केवल अपरोक्ष आश्रम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी श्री चेतन गिरी जी महाराज एवं आचार्य डॉ. ओमजी महाराज के आदेशानुसार माली समाज पाली जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, मोंटू भाई बिस्सा तथा नरपत राज सोलंकी (सोजत) को समिति की ओर से राशि सुपुर्द की गई।
समिति एवं सर्व हिंदू समाज सेवा समिति के पदाधिकारियों के सहयोग से पिछले छह दिनों से विभिन्न गौशालाओं तथा राह चलती असहाय गौ माताओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर प्रतिदिन हरा चारा वितरित किया जा रहा है। इस सेवा कार्य को लेकर क्षेत्र में सराहना का माहौल बना हुआ है।
इसी क्रम में बुधवार को महामंडलेश्वर श्री डॉ. ओम जी आचार्य के सानिध्य में भगवा ध्वज दिखाकर हरे चारे से भरी पिकअप गाड़ी को श्री सिद्ध जोड़ भैरु मंदिर, श्री गोविंद गिरी आश्रम, चामड़ियाक, बुटेलाव एवं लुडांवास क्षेत्र की ओर रवाना किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक आयोजनों की बचत राशि को जनसेवा और गौ सेवा में लगाना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। जानकारी सोशल मीडिया प्रभारी प्रतिनिधि गिरधारी जयपाल द्वारा दी गई।


