पाली/सोजत। पाली से जयपुर जा रही राजस्थान रोडवेज की एक बस सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर मठ के पास आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से यह हादसा हुआ।
टक्कर के कारण बस में सवार दो यात्री घायल हो गए, जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें जयपुर के लिए रवाना किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और प्रशासन की मदद से जल्द ही सामान्य कर दिया गया।
गनीमत रही कि हादसा अधिक गंभीर नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


