जयपुर/पाली। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम. डी. चोपदार की अध्यक्षता में जयपुर स्थित होटल सेफरॉन में प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के ढाँचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के तुरंत बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया और इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पाली जिले के इन पदाधिकारियों ने दर्ज कराई उपस्थिति
इस पूरे घटनाक्रम, संगठनात्मक बैठक एवं विरोध प्रदर्शन में पाली जिले से अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष जावेद सिरोहा, प्रदेश संयुक्त सचिव आमीन अली रंगरेज, प्रदेश कॉर्डिनेटर लाल मोहम्मद सिंधी, इरशाद सिलावट एवं असलम मेलावास सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
“घर-घर तक पहुँचाएँ कांग्रेस की विचारधारा”
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एम. डी. चोपदार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक संघर्ष तेज किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि कांग्रेस पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और विचारधारा को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए पूरे समर्पण और सक्रियता के साथ मैदान में उतरें।

