पाली। दिनांक: 30 जुलाई 2026, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बहुप्रतीक्षित आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस का परचम लहराने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी, पाली की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने कहा कि आगामी स्थानीय निकाय व पंचायतीराज चुनाव प्रदेश के आम चुनाव की दिशा तय करेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पाली जिले सहित पूरे राजस्थान की जनता तथाकथित ‘डबल इंजन’ की सरकार से त्रस्त है। हार के डर से सरकार चुनाव टालकर अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त है। समय पर चुनाव न कराने से केंद्र से मिलने वाली करोड़ों रुपये की ग्रांट रुक गई है, जिससे गांवों और वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प हैं।” उन्होंने जोड़ा कि माननीय न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही ये चुनाव संभव हो पा रहे हैं। निम्बाड़ा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपसी भेदभाव भुलाकर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर, प्रदेश महासचिव भूराराम सीरवी, प्रदेश सचिव डिम्पल कँवर और पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निकाय व पंचायत चुनाव ही आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों की मजबूत नींव बनते हैं। वहीं, पीसीसी सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई, शहर अध्यक्ष हकीम भाई, महिला जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला और महिला नेता नीलम बिड़ला ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरते हुए संगठन में अनुशासन और एकजुटता पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर जिले के प्रमुख पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक, नगर व मंडल अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में आगामी चुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने का संकल्प लिया।


