पाली। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर पाली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करने हेतु एक विशेष अभियान का आयोजन किया गया। यह जागरूकता कार्यक्रम रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पाली, जीआरपी (GRP) तथा बीबीए/जेआरसी/जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन और जीएसवीएस (GSVS) पाली टीम के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आरपीएफ उप निरीक्षक राकेश कुमार ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन को मानव तस्करी तथा बाल दुर्व्यापार (Child Trafficking) के गंभीर खतरों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किस तरह सतर्क रहकर बच्चों और असहाय लोगों को तस्करी के जाल में फंसने से बचाया जा सकता है।
जीएसवीएस के जिला समन्वयक अमन कुमार वैष्णव ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि रेल यात्रा के दौरान यदि किसी छोटे या बड़े समूह के साथ संदिग्ध परिस्थिति में बच्चे यात्रा करते दिखाई दें, तो उन्हें अनदेखा न करें। ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत बाल सहायता हेल्पलाइन नंबर 1098 या 1800-1027-222 पर सूचना दें, ताकि समय रहते मासूमों को सुरक्षित किया जा सके।
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आरपीएफ उप निरीक्षक राकेश कुमार, कैलाश चंद्र, जसरत सिंह, जीआरपी के गजेंद्र सिंह तथा जीएसवीएस टीम से हरी राम, धन्नाराम, खेरूनिशा सहित कई यात्रीगण उपस्थित रहे।


