सोजत। राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं जालोर विधायक योगेश्वर गर्ग ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार देर शाम सोजत पहुंचकर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा दिवंगत संत एवं समाजसेवियों के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्य सचेतक गर्ग ने सबसे पहले नगर स्थित केवल अपरोक्ष आश्रम पहुंचकर गुरु पूजन किया और संतों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आश्रम के प्रणेता महामंडलेश्वर ओम महाराज, सुनील सोनी, ओम पाराशर, राजेश तंवर सहित अन्य संतों एवं श्रद्धालुओं ने उनका शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
इसके पश्चात गर्ग ब्रह्मलीन नरसिंह दास जी महाराज के देवलोक गमन पर नरसिंह द्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत संत को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महाराज के उत्तराधिकारी गोपाल दास महाराज, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जुगल किशोर निकुम, कैलाश दवे, सुरेश खादी भंडार, राकेश पवार, पदमचंद हिंदू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनका सम्मान किया।
अपने दौरे के दौरान मुख्य सचेतक योगेश्वर गर्ग सिंघाड़िया समाज के प्रमुख समाजसेवी स्वर्गीय हरिराम सिंघाड़िया के निवास भी पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर केवलचंद सिंघाड़िया, रमेश सिंघाड़िया, अधीक्षण अभियंता (पीडब्ल्यूडी) जालोर सहित समाज के कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।

