मारवाड़ जंक्शन। क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर मोहम्मद रफी का चयन एशियन लीजेंड लीग के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग 28 जुलाई से 10 अगस्त तक लुसाका (जाम्बिया) एवं दक्षिण अफ्रीका में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान सहित छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस लीग में भारत के दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन, हरभजन सिंह, यूसुफ पठान, दिनेश कार्तिक सहित विभिन्न देशों के कई नामी खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन मुकाबलों में मारवाड़ जंक्शन के मोहम्मद रफी अंतरराष्ट्रीय अंपायर की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण टेन स्पोर्ट्स, सोनी लाइव सहित कई प्रमुख स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा।
मोहम्मद रफी बुधवार शाम योग एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे गुरुवार सुबह फ्लाइट द्वारा दक्षिण अफ्रीका पहुँच गये है।
मोहम्मद रफी भारतीय रेलवे परिवार के सदस्य हैं तथा वे मारवाड़ जंक्शन के सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर रसूल बख्श के पुत्र हैं। उनके इस गौरवपूर्ण चयन पर रेलवे परिवार की ओर से स्टेशन परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्टेशन प्रबंधक विपुल सोनी, यूनियन अध्यक्ष जय कुमार गुर्जर, देवी सहाय मीणा, सत्यनारायण मीणा, राजेंद्र, जीवराज, अजय त्रिपाठी, आमना राम, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र आर्यन, खुर्शीद सहित रेलवे परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मोहम्मद रफी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल अंपायरिंग की कामना की।

