सोजत। शहर में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को लेकर नगरपालिका सोजत ने अभियान तेज कर दिया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत नगरपालिका टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सरकारी संस्थानों सहित प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में फॉगिंग कर मच्छरों के प्रजनन एवं फैलाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। नगरपालिका की टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए।
इस दौरान आमजन को अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, नियमित साफ-सफाई रखने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ती है, इसलिए विशेष सावधानी बरतें।
नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी राघव सिंह मीणा ने कहा कि शहर को स्वच्छ और मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नगरपालिका के साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ सोजत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
नगरपालिका सोजत की ओर से अभियान के तहत फॉगिंग के साथ-साथ स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां भी निरंतर जारी रखने का संदेश दिया गया।


