सोजत। भारतीय जनता पार्टी सोजत मंडल की संगठनात्मक मासिक बैठक रविवार को कृषि मंडी रोड स्थित मीराबाई मंदिर परिसर में आयोजित हुई। मंडल अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विस्तार से मंथन किया।
बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के जीवन, विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान को लेकर चर्चा की गई। अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय कलश यात्रा 13 अगस्त को सुबह 10 बजे दांतीया बालाजी मंदिर से सोजत में प्रवेश करेगी। यात्रा आश्रम पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगी, जहां संत श्री ओम आचार्य के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद कलश यात्रा सोजत मंडल की विभिन्न बस्तियों से होकर गुजरेगी। विभिन्न स्थानों पर कलश पूजन किया जाएगा तथा संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से आमजन को अवगत कराया जाएगा।
14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। युवा मोर्चा के नेतृत्व में 14 अगस्त को शाम 5 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा काला गोरा भेरूजी मंदिर, जैतारण गेट से रवाना होकर चांदपोल गेट स्थित तिरंगा स्थल पर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
भाजपा पदाधिकारियों ने दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, उदयपुर जिला सह प्रभारी जुगल किशोर निकुम, जिला उपाध्यक्ष नरपत राज सोलंकी, पूर्व जिला महामंत्री मोहन जाट, युवा मोर्चा के प्रफुल्ल ओझा, सोजत विधानसभा संयोजक कनैयालाल ओझा, मंडल महामंत्री हीरालाल कांठेर, तरुण सोलंकी, नरपत सिंह सोड़ा, दीपक पवार, महेंद्र टांक, महेश सोनी, राकेश देवड़ा, जगदीश निकुम, रामलाल निकुम, अशोक बाहरठ, राजेश अग्रवाल, जोगेश जोशी, ओमप्रकाश चौहान, सुरेंद्र परिहार, ईश्वर सिंह नादावत, राजेंद्र शर्मा, नारायणलाल परिहार, मोहम्मद शहजाद, एस. मोहम्मद, श्याम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


