सोजत। अलवर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता (14 वर्षीय) में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेहड़ा बेरा, सोजत के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के 32-34 किलोग्राम भार वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ी यशवंत चौहान ने बालोतरा, अलवर तथा कोटपूतली-बहरोड़ के खिलाड़ियों को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उदयपुर के खिलाड़ी को 3-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं गौरव गहलोत ने 28-30 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टोंक के खिलाड़ी को पराजित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर यशवंत चौहान और गौरव गहलोत का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दक्ष प्रशिक्षक आत्माराम चौहान, विद्यालय प्राचार्य दिलीप कुमार सैनी, उपप्राचार्य अब्दुल सलीम शेख, सुरेश कुमार कच्छवाहा, शंकर लाल, श्रीमती गणकी देवी, रामसिंह राठौड़, मंगलाराम, श्रीमती नीलिमा त्रिपाठी, गरिमा कंवर सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


