सोजत। विजयादशमी पर्व के अवसर पर मंगलवार को मेला चौक में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में शहरवासियों की बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को सोजत नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति राजेश तंवर ने मेला चौक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ने मेला चौक में पार्किंग व्यवस्था सहित कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति तंवर ने बताया कि मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर मेला चौक में रावण दहन का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस दौरान प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रवक्ता राजेश तंवर भी मौजूद रहे। नगरपालिका प्रशासन द्वारा रावण दहन कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।


