सोजत। विश्व हिन्दू परिषद् मातृशक्ति दुर्गावाहिनी, जिला सोजत एवं प्रखंड सोजत-बगड़ी के तत्वावधान में श्रद्धेय अशोकजी सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में “शक्ति संचलन–2026” का आयोजन रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत मातृशक्ति दुर्गावाहिनी द्वारा सोजत शहर के मुख्य मार्गों से शक्ति संचलन निकाला जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता, सामाजिक सहभागिता एवं संगठनात्मक शक्ति को बढ़ावा देना है।
शक्ति संचलन का एकत्रीकरण प्रातः 9:15 बजे मोतीचंद सेठिया आदर्श विद्या मंदिर, सोजत नगर में होगा। इसके पश्चात संचलन मोतीचंद सेठिया स्कूल से प्रारंभ होकर चांदपोल, दिल्ली दरवाजा, जैतारणिया गेट, मेन बाजार, मेन बस स्टैंड, महावीर सर्कल, काका चौयराया, सिंघाड़िया बास होते हुए पुनः मोतीचंद सेठिया स्कूल पहुंचेगा।
कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद् मातृशक्ति क्षेत्र संयोजिका राजस्थान अभिलाषा यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। श्रीमती कमलाजी टांक (डी.डी.) मुख्य अतिथि एवं डॉ. अनुसूया हर्ष विशिष्ट अतिथि रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कल्पना जी अग्रवाल द्वारा की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालयों की छात्राओं सहित समाज की महिलाएं भी सहभागिता करेंगी। उन्होंने अधिक से अधिक मातृशक्ति से कार्यक्रम में उपस्थित होकर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
“नारी शक्ति – राष्ट्र शक्ति” के संदेश के साथ आयोजित होने वाले इस शक्ति संचलन को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।


