जोधपुर। श्रीमाली ब्राह्मण समाज, जोधपुर की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। चांदपोल स्थित समाज भवन, शिवबाड़ी में शाम 5 बजे आयोजित होने वाले इस समारोह में शिक्षा, खेलकूद, कला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 250 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समाज के अध्यक्ष महेंद्र बोहरा एवं मंत्री नरेंद्र राज बोहरा ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज की होनहार प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना तथा युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस आयोजन के माध्यम से समाज की उन प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से समाज का गौरव बढ़ाया है।
शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान…
समाज के कार्यकारी अध्यक्ष माधव जोशी ने बताया कि शैक्षणिक क्षेत्र में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के टॉपर्स, गोल्ड मेडलिस्ट, पीएचडी धारकों तथा NEET, JEE, UPSC, RAS, CA और CLAT जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों एवं सरकारी सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र की प्रतिभाओं का भी होगा सम्मान…
खेलकूद के क्षेत्र में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, शतरंज सहित विभिन्न खेलों में पदक जीतने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं कला, संस्कृति एवं साहित्य के क्षेत्र में संगीत, नृत्य, चित्रकला, वादन, कविता, कहानी लेखन, भजन, नाटक, संस्कृत, वेद-पाठ एवं कर्मकांड में विशेष दक्षता रखने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समाज सेवा, नवाचार और उद्यमिता को भी मिलेगा प्रोत्साहन…
समारोह में रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, NCC, NSS एवं स्काउट गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं, समाजसेवियों तथा महिला मंडल की सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जिला, राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
व्यावसायिक एवं नवाचार के क्षेत्र में युवा उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, कृषि एवं जैविक खेती में नवाचार करने वालों तथा आईटी और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित करने की योजना है।
श्रीमाली ब्राह्मण समाज का यह आयोजन प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ समाज में शिक्षा, संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।


