सोजत। चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन (CGIF) के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत सिटी में अत्याधुनिक ‘निहाल ऑडिटोरियम’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। यह कार्य वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की प्रेरणा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य स्वरूपसिंह उदावत के आग्रह पर चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन (CGIF) द्वारा इसका निर्माण करवाया जा रहा है।
चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के ग्लोबल अध्यक्ष एवं समाजसेवी अनोपसिंह लखावत की देखरेख में बनने वाले इस ऑडिटोरियम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि विद्यालय परिसर के विकास के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के अंतर्गत जोधपुरी पत्थर से विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण, मुख्य द्वार से ऑडिटोरियम तक फर्श निर्माण, समस्त दीवारों का प्लास्टर, कमरों के नए दरवाजे, आधुनिक सिलिंग, मां सरस्वती मंदिर का पुनर्निर्माण, अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था एवं साउंड सिस्टम स्थापित किया जाएगा।
इसके अलावा बालिकाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार, मंच का आधुनिकीकरण एवं विस्तार, मंच के पीछे की दीवार का पुनर्निर्माण तथा संपूर्ण फर्श पर मार्बल एवं ग्रेनाइट पत्थर लगाने का कार्य भी किया जाएगा।
अनोपसिंह लखावत ने बताया कि विद्यालय में स्थित वर्तमान हॉल को आधुनिक स्वरूप देकर ‘निहाल ऑडिटोरियम’ में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। ऑडिटोरियम में देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के थ्री-डी तकनीक से निर्मित चित्र लगाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को प्रेरणा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के ग्लोबल अध्यक्ष अनोपसिंह लखावत, वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा, प्रधानाचार्य स्वरूपसिंह उदावत, शिक्षाविद् सुरेंद्र कुमार व्यास, राजेन्द्र जोशी, डॉ. रशीद गौरी, धीरज गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

