in

सोजत: हाईवे पर खड़ी बुलेट को ट्रक ने 1 किमी तक घसीटा, पेट्रोल टंकी में लगी आग; बड़ा हादसा टला।

सोजत। नेशनल हाईवे-162 पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाईवे किनारे खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी और उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के दौरान बाइक सवार सड़क किनारे लघुशंका के लिए गया हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पाली निवासी धर्मेंद्र प्रजापत अपनी बुलेट बाइक से पाली से सोजत की ओर आ रहे थे। रास्ते में टॉयलेट लगने पर उन्होंने हाईवे किनारे बाइक खड़ी कर दी और पास ही चले गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने खड़ी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक को बाइक फंसने का पता नहीं चला और वह उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घर्षण के कारण बाइक क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसकी पेट्रोल टंकी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ट्रक के केबिन तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद अन्य ट्रक चालकों और लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। उनकी तत्परता से आग पर शुरुआती स्तर पर ही काबू पा लिया गया। सूचना मिलने पर सोजत से अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया।

सोजत थाने के सहायक उप निरीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि ट्रक द्वारा बाइक को टक्कर मारकर घसीटने की घटना सामने आई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

गनीमत रही कि हादसे के समय बाइक सवार वाहन पर मौजूद नहीं था, अन्यथा यह दुर्घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

महान शिक्षाविद और गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर डॉ. चंद्रशेखर शर्मा की जयंती पर जोधपुर, सोजत और लुंडावास में होंगे कई भव्य आयोजन

सोजत: बुढ़ायत माता मंदिर में समाज उत्थान पर मंथन, स्व. चंद्रशेखर शर्मा की स्मृति में भेंट किए चार कूलर।