सोजत। आई माता राजकीय कन्या महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त कर दी गई है। इससे उन छात्राओं को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकी थीं या जिनका प्रवेश नहीं हो पाया था।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामलाल तोसावरा ने बताया कि पहले ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 अगस्त कर दिया गया है। इच्छुक छात्राएं निर्धारित आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय में जमा कर सकती हैं।
इस संबंध में ABVP सोजत की सहमंत्री एवं आई माता राजकीय कन्या महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष सानिया बानो ने सभी पात्र छात्राओं से अपील की है कि जिनका किसी कारण से ऑनलाइन प्रवेश नहीं हो पाया है, वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर अपनी पढ़ाई जारी रखें।
गौरतलब है कि ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर सानिया बानो ने पूर्व में महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। अब प्रवेश तिथि बढ़ने और ऑफलाइन प्रक्रिया जारी रहने से क्षेत्र की अनेक छात्राओं को उच्च शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

