पाली। सोमवार को पाली जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यकारिणी में विभिन्न समाजों को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि हाल ही में घोषित जिला कार्यकारिणी पूरी तरह पक्षपातपूर्ण और भेदभावपूर्ण है। उनका कहना था कि कार्यकारिणी में एससी, एसटी, गुर्जर, मुस्लिम, ब्राह्मण, खटीक सहित कई समाजों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, जिससे संबंधित समाजों के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला कांग्रेस कमेटी की सूची बार-बार कॉपी-पेस्ट कर जारी की जाती है और वर्षों से सक्रिय एवं योग्य कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर चुनिंदा लोगों को ही बार-बार पदों पर जगह दी जाती है।
इसी नाराजगी के चलते कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के बाहर जिलाध्यक्ष का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकारिणी में सभी समाजों को सम्मानजनक और संतुलित प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्यकारिणी में सभी वर्गों को उचित सम्मान और भागीदारी नहीं दी गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े विरोध प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस नेतृत्व की होगी।
विरोध प्रदर्शन में एडवोकेट अमजद अली रंगरेज, साबिर खान, शाहिद भाई पिनू, पार्षद मोइनुद्दीन भाटी, पार्षद तालिब अली चूड़ीघर, पूर्व पार्षद साबिर अशरफी, कांग्रेस नेता रामचंद्र बुनकर, इंसाफ भाई छाता वाले, आबिद भाई चढ़वा, तारिक अली चूड़ीघर, अनवर अली सुहाना, मकसूद चूड़ीघर, नूर अली रंगरेज, उमर चढ़वा, मोहम्मद यासीन अंसारी (सोजत), पूर्व पार्षद वाजिद भाई (सोजत), रिजवान भाई सिलावट (सोजत), अकबर भाई (सोजत), जीशान अली रंगरेज, मुनाजिर अली चूड़ीघर, अनवर भाई (सोजत), इमरान तंवर, सलीम अब्बासी, रिजवान चढ़वा, मोहम्मद यासीन सबावत, मोहसिन जोया, सद्दाम अली, नजीर सिंधी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।


