सोजत सिटी । स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में छात्रहित से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार से महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के माध्यम से परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन एवं राज्य सरकार से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने के दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर पर एम.ए. भूगोल एवं एम.एससी. की कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ की जाएं। साथ ही लंबे समय से रिक्त पड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पदों पर तत्काल नियुक्तियां की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
परिषद ने आई माता राजकीय कन्या महाविद्यालय परिसर के जीर्णोद्धार, खेल सुविधाओं के विस्तार, इंडोर स्पोर्ट्स हॉल के निर्माण, पीएम उषा कोष से स्वीकृत निर्माण कार्यों को पुनः शुरू करने, परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, मुख्य प्रवेश द्वार एवं चारदीवारी निर्माण तथा महाविद्यालय में एनसीसी इकाई स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं सरकार की होगी।
धरने में जिला संयोजक हितेश राठौड़, भाग संयोजक हितेश सोलंकी, नगर सह मंत्री सानिया बानो, विभाग संयोजक अभिषेक मेवाड़ा, प्रांत सोशल मीडिया सह संयोजक निखिल मेवाड़, नगर मंत्री राहुल राजपुरोहित, राहुल वैष्णव, कुमकुम वैष्णव सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

