सोजत। आगामी नगर निकाय चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी रविप्रकाश ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसडीएम रविप्रकाश ने मतदान दलों के प्रशिक्षण, रवानगी तथा ईवीएम मशीनों के संग्रहण एवं वितरण के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार कुम्पसिंह, विकास अधिकारी सुरेश कविया, अधिशासी अधिकारी राघव मीणा तथा निर्वाचन विभाग के हेमंत सोलंकी एवं मनोहर पालड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


