सोजत। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोजत शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और प्रवेश द्वारों को तिरंगे रंग की आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा शहर रात के समय बेहद खूबसूरत नजर आया।
शहर के प्रमुख चौराहों पर तिरंगे रंग की रंग-बिरंगी लाइटिंग के साथ तिरंगे रंग के कपड़ों से की गई सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं प्रमुख सरकारी भवनों एवं शहर के प्रवेश द्वारों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रोशनी से जगमगाते भवन और तिरंगे रंगों में सजे चौराहे शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार सहित शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पहुंचकर आकर्षक सजावट एवं रोशनी का नजारा देखते नजर आए। लोगों ने तिरंगे रंगों से सजे शहर की तस्वीरें भी अपने मोबाइल कैमरों में कैद कीं।
देशभक्ति के उल्लास से सराबोर माहौल में शहरवासियों ने एक-दूसरे को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। तिरंगे की रोशनी से नहाया सोजत शहर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और देशप्रेम की भावना को जीवंत करता नजर आया।

