बगड़ी नगर । आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बगड़ी नगर में पुलिस जवानों ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
नायब तहसीलदार माधुराम सीरवी के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च स्थानीय रामदेवरा मंदिर से शुरू हुआ, जो बगड़ी नगर बस स्टैंड, कुरेशी मोहल्ला, बालिका विद्यालय और सब्जी मंडी क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व जवानों ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का सघन निरीक्षण किया।
सड़क पर पुलिस बल को मार्च करते देख आम जनता में सुरक्षा का एक मजबूत भरोसा पैदा हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फ्लैग मार्च के दौरान एएसआई रामचंद्र टोगस, भगवान राम, लक्ष्मण लाल और हेड कांस्टेबल तेजाराम सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे। पुलिस-प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है।

