सोजत। शहर की आईओसी कॉलोनी स्थित शेमकरणी खिमज माता मंदिर में शेमकरणी खिमज माता गरबा मंडल के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का मंगलवार को धूमधाम और भक्तिमय माहौल में भव्य समापन हुआ। नवरात्रि के दौरान माता रानी के दरबार में सजे गरबा पंडाल में प्रतिदिन गरबा प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्ति और उल्लास के साथ मां की आराधना की।
गरबा महोत्सव के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
पार्षद जोगेश जोशी का किया स्वागत…
वार्ड संख्या 29 के पार्षद जोगेश जोशी (लक्की भाई) ने बताया कि वार्ड परिवार की ओर से गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। समापन समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजक मंडल की ओर से उनका साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात माता रानी की भव्य एवं भक्तिमय आरती की गई, जिसमें वार्ड परिवार सहित बड़ी संख्या में गरबा प्रेमी भाई-बहनों ने भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की।
विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को किया सम्मानित…
समापन समारोह के दौरान गरबा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इनमें बेस्ट पुरुष एकल नृत्य, बेस्ट महिला एकल नृत्य, बेस्ट पुरुष ग्रुप नृत्य, बेस्ट महिला ग्रुप नृत्य और फैंसी ड्रेस सहित बच्चों की विभिन्न श्रेणियां शामिल रहीं। पुरस्कार मिलने पर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अनुशासित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हुआ आयोजन…
नौ दिवसीय गरबा महोत्सव के दौरान गरबा मंडल की ओर से बेहतरीन, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित व्यवस्थाएं की गईं। आयोजन ने कॉलोनी में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल बनाया। गरबा महोत्सव को सफल बनाने में मंडल के संतोष सिंह सोलंकी, जुगल किशोर दवे, कानाराम, चोलाराम, रतन पालोटिया, रणजीत सिंह, रवि, प्रमोद, संजय, भरत सोलंकी, राजेंद्र सोलंकी, रामदेव, रमेश,सुमित्रा,गुड्डी,कोमल सहित समस्त कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।

