पाली । नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को सुमेरपुर, तखतगढ़ और रानी नगर पालिका क्षेत्रों का दौरा किया और कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी फीडबैक लिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और नगर पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

दौरे के दौरान पाली लोकसभा प्रत्याशी संगीता बेनीवाल, पाली जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल और जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने प्रमुख रूप से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की।
जनता बदलाव चाहती है: संगीता बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा शासन से जनता परेशान है और बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने सभी से मिलकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा।
जीतने योग्य उम्मीदवारों पर फोकस: जिला सह प्रभारी श्रवण पटेल ने प्रत्येक वार्ड में मजबूत और जीतने योग्य उम्मीदवारों का समर्थन करने तथा पूरी ताकत से चुनावी मैदान में जुटने की बात कही।

एकजुटता पर जोर: जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने कहा कि टिकटार्थियों की संख्या अधिक हो सकती है, लेकिन पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए, सभी को मिलकर उसे विजयी बनाना है।
इस अवसर पर सुमेरपुर ब्लॉक अध्यक्ष नेहपाल सिंह, तखतगढ़ नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाडा, रानी नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र जैन सहित कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


