पाली | 25 अगस्त 2026 इस्लाम धर्म के पवित्र पर्व ‘ईद मिलादुन्नबी’ के नूरानी मौके पर मंगलवार को पाली शहर पूरी तरह से दूधिया रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठा। हजरत मोहम्मद मुस्तफा रसूल-ए-पाक के दुनिया में तशरीफ लाने के इस मुबारक मौके पर मुस्लिम समाज ने अपने मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और मोहल्लों में बेमिसाल सजावट की। मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत कर देश में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली की विशेष दुआएं मांगी गईं।
तीन टीमों ने किया सर्वे, आज बांटे जाएंगे पुरस्कार
अंजुमनों की हौसला अफजाई के लिए अंजुमन सीरतुन्नबी कमेटी के सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी, सचिव हाजी मोहम्मद सईद अंसारी, नायब सदर सैयद मोहम्मद रमजान, इंसाफ भाई सोलंकी और संयोजक सैयद फैयाज बुखारी की देखरेख में शहर को तीन टीमों में बांटा गया था। टीमों ने विभिन्न मुस्लिम अंजुमनों की सजावट का सर्वे कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए रिपोर्ट तैयार की है।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 26 अगस्त (बुधवार) को सुबह 8 बजे नाडी मोहल्ला स्थित मिलाद चौक में मुफ्ती हजरत मिस्बाही साहब की दिलकश तकरीर होगी। इसके बाद शहर के तमाम उलमा-ए-किराम और सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी की सरपरस्ती में विजेता अंजुमनों को इनाम और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।

निकलेगा ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी
सम्मान समारोह के बाद पारंपरिक अंदाज में “जुलूस-ए-मोहम्मदी” का आगाज किया जाएगा। पिछले 80 सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार यह जुलूस अपने कदीमी रास्तों से शान-ओ-शौकत, अमन-चैन और मोहब्बत का पैगाम देते हुए निकलेगा और मिलाद चौक (नाडी मोहल्ला) पहुंचकर आम लंगर के साथ संपन्न होगा।
राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों का हुआ स्वागत
इस पावन अवसर पर सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी का मुस्लिम क्षेत्रों में जगह-जगह इस्तकबाल किया गया। साथ ही विधायक भीमराज भाटी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष व मुस्लिम समाज सदर हकीम भाई, प्रदेश कांग्रेस सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई, मांगू सिंह दुदावत, पूर्व सभापति प्रदीप कुमार हिंगड़, भाजपा नेता जहीर मकरानी, पार्षद हाजी महबूब टी, महासचिव आमीन अली डायर, एडवोकेट रज्जब अली रंगरेज सहित कई गणमान्य नेताओं और समाजसेवियों का स्वागत कर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी गई।
सदर रफीक गौरी ने सभी मुस्लिम भाइयों को पर्व की बधाई देते हुए जुलूस-ए-मोहम्मदी को पूर्ण रूप से कामयाब बनाने की अपील की है। इस दौरान सीरतुन्नबी कमेटी के नजीर भाई सिंधी, मेहराज अली चूड़ीगर, हाजी इकबाल खिलजी, मेहबूब भाई खिवाड़ा, जावेद जिलानी, फारुक रंगीला, फरीद भाई छीपा, यूसुफ भाई अशरफी, आरिफ पिंजारा, साजिद जीएन, जाकिर भाई गौरी, इकबाल नगरवाला, मोहम्मद निशार घोसी, रमजान सामरिया, शेरू भाई दातार और राजा भाई घोसी समेत तमाम कमेटी सदस्यों का मुस्लिम युवा फाउंडेशन व गुलाम मुस्तफा भाईजान द्वारा स्वागत किया गया।


