पाली। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा के 1501वे जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर पाली शहर में अकीदत और उत्साह के साथ विशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान “नबी की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा” सहित विभिन्न नारों से शहर का माहौल गूंज उठा। बैंड-बाजों की धुनों के बीच निकला जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।

ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में सुबह से ही नाड़ी मोहल्ला स्थित मिलाद चौक पर मुस्लिम समाज के लोग ट्रैक्टर, खुली जीप एवं मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बड़ी संख्या में पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत पाली के आइमा-ए-मसाजिद एवं मुफ्ती मौलाना आलमगीर साहब मिस्बाही की तकरीर से हुई। उन्होंने तमाम आलम-ए-इंसानियत को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हजरत मोहम्मद ने पूरी दुनिया को रहमत, अमन, भाईचारे, बराबरी और गरीबों की हिमायत का पैगाम दिया।
उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकार दिलाए तथा सामाजिक बुराइयों को दूर कर इंसानियत के लिए एक मुकम्मल निजाम-ए-हयात पेश किया।
सजावट एवं झांकियों के विजेताओं का सम्मान
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों में की गई आकर्षक सजावट एवं विभिन्न झांकियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
मोहल्ला सजावट में जंगीवाड़ा प्रथम, सिपाहियों का बास द्वितीय एवं नाड़ी मोहल्ला तृतीय स्थान पर रहा। विजेताओं सहित विभिन्न झांकियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इन मार्गों से होकर गुजरा जुलूस
अंजुमन सीरतुन्नबी के प्रवक्ता आमीन अली रंगरेज ने बताया कि जुलूस नाड़ी मोहल्ला स्थित मिलाद चौक से रवाना होकर केरिया दरवाजा, बादशाह का झंडा, गजानंद मार्ग, जंगीवाड़ा, नवलखा रोड, प्यारा चौक, रूई कटला, उदयपुरिया बाजार, सर्राफा बाजार एवं बादशाह झंडा होते हुए पुनः नाड़ी मोहल्ला पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ।

जुलूस के मार्ग में अंजुमन सीरतुन्नबी कमेटी के सदर हाजी रफीक गौरी, विधायक भीमराज भाटी, मुस्लिम समाज सदर हकीम भाई सहित कमेटी पदाधिकारियों का विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। सर्राफा बाजार में हिन्दू समुदाय के लोगों ने भी स्वागत कर आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की मिसाल पेश की।
कमेटी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्थाएं
जुलूस की व्यवस्थाओं एवं सफल आयोजन में अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर हाजी मोहम्मद रफीक गौरी, मुस्लिम समाज सदर हकीम भाई, सैयद रमजान सर, सेक्रेट्री सईद अंसारी, पूर्व पार्षद आमीन अली रंगरेज, फैय्याज बुखारी, शकील अहमद नागौरी, कैशियर मेहबूब खिंवाड़ा, यासीन रॉयल, यूसुफ असरफी, सलीम मिस्कीन, फरीद खान छिपा, नजीर खान सिंधी, फारूक रंगीला, आरिफ पिंजारा, आमीन गौरी, निसार घोसी, हाजी इकबाल खिलजी, अकरम चौहान, मेंहराज चूड़ीगर सहित अंजुमन के दर्जनों पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।
समूचे आयोजन के दौरान अमन, भाईचारे, सौहार्द एवं आपसी प्रेम का संदेश दिया गया।

