पाली। शहर स्थित हेमावास बाँध पर छुट्टियों और अवकाश के दिनों में बड़ी संख्या में लोग घूमने और नहाने के लिए पहुँच रहे हैं। इस दौरान कई युवा बाँध के गहरे पानी में उतरकर अटखेलियाँ करते नज़र आते हैं, जो उनके लिए घातक साबित हो सकता है।
पिछले कुछ समय से जिलेभर में नदी-नालों और बाँधों में डूबने व बह जाने की कई घटनाएँ सामने आई हैं। इसके बावजूद लोग प्रशासन की लगातार अपीलों को नजरअंदाज कर रहे हैं। प्रशासन बार-बार चेतावनी दे चुका है कि बाँधों और गहरे पानी के स्रोतों में प्रवेश न करें, लेकिन लापरवाह युवक अपनी जान जोखिम में डालकर “मज़े” के नाम पर अनमोल ज़िंदगी दाँव पर लगा रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि बाँधों और गहरे जलाशयों में पानी का प्रवाह और गहराई अचानक बदल जाती है, जिससे तैराकी जानने वाले लोग भी हादसों का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में ज़रूरी है कि लोग प्रशासन की हिदायतों का पालन करें और परिवारजन भी अपने बच्चों को इस तरह की खतरनाक हरकतों से रोकें।


