रींगस। मारवाड़ी भाषा और संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले प्रख्यात हास्य कवि केशर देव मारवाड़ी (केसरीमल) (59) का सोमवार रात सड़क हादसे में निधन हो गया। रींगस एसआई दिलीप सिंह ने बताया कि चूरू के रतनगढ़ में एक शादी समारोह से लौटते समय उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें रींगस के राजकीय उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात को शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया और मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है।
शिक्षा और साहित्य दोनों क्षेत्रों में पहचान
मूल रूप से लाडनूं निवासी केशर देव मारवाड़ी वर्तमान में जयपुर के मुरलीपुरा में रह रहे थे और झोटवाड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके बड़े भाई बेगाराम प्रजापत ने बताया कि उनके दो बेटियां दिव्या (28) और भव्या (25) हैं, दोनों विवाहित हैं। वे छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।
टीवी से लेकर बड़े मंचों तक शानदार सफर…
केशर देव मारवाड़ी ने इंडिया लाफ्टर चैंपियन (सोनी टीवी), लाफ इंडिया लाफ (लाइफ ओके) और हंसने का मुखिया कौन (स्टार वन) जैसे लोकप्रिय टीवी शो में भाग लेकर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने उद्योगपति मुकेश अंबानी के पारिवारिक कार्यक्रमों में भी प्रस्तुति दी थी।
मारवाड़ी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए उन्हें राजस्थान की कई संस्थाओं द्वारा ‘मारवाड़ रत्न’ और ‘मारवाड़ का गौरव’ जैसी मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया था। शिक्षा विभाग में रहते हुए भी उन्होंने शिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उनके आकस्मिक निधन से न केवल परिवार बल्कि साहित्य और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके चाहने वालों और शिष्यों के लिए यह अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।

