सोजत। शहर के मुख्य बाजार में स्थित एक ज्वैलरी शॉप में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस हादसे में दुकान में रखा फर्नीचर और चांदी के आभूषण जलकर खराब हो गए, जिससे दुकानदार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना रविवार सुबह उस समय सामने आई जब नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत दुकान के बाहर लिखे मोबाइल नंबर पर दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और दुकान खोलकर अंदर जाकर देखा तो आग लगी हुई थी।
दुकानदारों ने तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सुबह को शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर, कुर्सियां, तस्वीरें और चांदी के कई आभूषण जल गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया और आसपास की दुकानों को नुकसान नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

