अजमेर। अजमेर से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां रोडवेज बस में सफर कर रहे सोजत निवासी एक परिवार के बैग से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। परिवार अजमेर स्टेशन से गुजरात रोडवेज बस में सवार हुआ था। रास्ते में कुछ संदिग्ध युवकों ने उनका सामान रखने में मदद की और मौका पाकर बैग से 32 तोला सोना तथा 150 ग्राम चांदी गायब कर दी।
सोजत के छोगाराम देवासी के परिवार के साथ हुई वारदात…
सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, सोजत सिटी निवासी छोगाराम देवासी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह अपने परिवार के साथ हैदराबाद से ट्रेन द्वारा अजमेर पहुंचे थे। उनके साथ पत्नी, बेटा और अन्य छह महिलाएं भी यात्रा पर थीं। अजमेर रेलवे स्टेशन से उतरने के बाद सभी लोग ऑटो से रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे और वहां से गुजरात रोडवेज की बस में सवार हुए।
पहले से बस में बैठे थे संदिग्ध युवक…
बस में पहले से ही चार-पाँच संदिग्ध युवक सवार थे।
उन्होंने परिवार का सामान रैक में रखने में मदद की। बस में भीड़ अधिक होने के कारण कुछ बैग पीछे रखे गए — वहीं पर वे युवक बैठे थे।
ध्यान भटकाकर की वारदात
छोगाराम के अनुसार, यात्रा के दौरान उन युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनके एक बैग से 32 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर लिए। जब बस मांगलियावास के पास पहुंची, तब वे युवक अचानक बस से उतर गए।
घर पहुंचने पर खुला चोरी का राज
परिवार जब सोजत पहुंचा और बैग खोला, तो उसमें से सारा सोना-चांदी गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस...
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब अजमेर बस स्टैंड और मांगलियावास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों का जल्द ही सुराग मिल सकता है।
पुलिस की अपील…
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनजान लोगों की मदद से सामान रखने से बचें और कीमती सामान हमेशा अपनी निगरानी में रखें।


