तेज रफ्तार बना काल, पुलिया तोड़ नीचे गिरा ट्रेलर
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या RJ 52 CC 5530 सोजत से पाली की तरफ जा रहा था। दोपहर करीब 12:45 बजे बागावास ब्रिज के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। असंतुलित ट्रेलर पुलिया की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए नीचे बिजली घर के पास जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक संख्या RJ 22 2656 भी इसकी चपेट में आ गई।
हेमराज गुर्जर गंभीर रूप से घायल
हादसे में बाइक सवार हेमराज (20 वर्ष) पुत्र बाबूलाल गुर्जर, निवासी गुर्जरों का ढाणा (चुतरो बा का ढाणा) ट्रेलर के नीचे दब गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हुआ।
इंसानियत की मिसाल: ग्रामीणों और युवाओं ने किया रेस्क्यू
हादसा इतना भयानक था कि घायल युवक मलबे और भारी वाहन के बीच फंस गया था। ऐसे में बागावास के सागर सरपटे और उनके मित्रों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद हेमराज को बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने निजी वाहनों और एम्बुलेंस की सहायता से घायल को पाली जिला अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
