पाली। पाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा-पंजाब निर्मित शराब और बीयर से भरा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक से कुल 606 कार्टन अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की गई, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू ने बताया कि 14 फरवरी को रोहट थाना पुलिस को अवैध रूप से शराब परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना क्षेत्र में हाईवे पर निम्बली टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ते हुए ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी।
पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रुकवाया और उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छुपाकर रखी गई पंजाब-हरियाणा निर्मित शराब और बीयर के 606 कार्टन मिले।
पुलिस ने मौके पर ट्रक को जब्त कर लिया और आरोपियों की पहचान बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र के सारणों की नाडी नवतला राठौडान निवासी आसुराम (30) पुत्र हनुमानराम तथा बाड़मेर जिले के ही जाणियों की बेरी कोलियाणा (सेडवा) निवासी भजनलाल (40) पुत्र भागीरथराम के रूप में की गई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी।
इस कार्रवाई में रोहट थाने के एएसआई मोडाराम, कॉन्स्टेबल भेराराम, गोविंदसिंह, रामप्रकाश, सुरेश और महिला कॉन्स्टेबल गुड़िया की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।


