पाली। शहर के सदर थाना क्षेत्र के जवड़िया गांव में शनिवार देर रात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान एक घर में सो रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर उनके गले से सोने की कंठी लूट ली गई, जबकि पास के दूसरे मकान से लाखों रुपए के गहने और नकदी चोरी कर ली गई।

जानकारी के अनुसार जवड़िया गांव निवासी जमना देवी पत्नी घेवरराम देवासी अपने घर में सो रही थीं। देर रात चोर घर में घुसे और उनके गले से सोने की कंठी तोड़कर ले गए। छीना-झपटी के दौरान जमना देवी के गले और चेहरे पर चोटें आईं। घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें संभाला।
इसके बाद चोरों ने गांव के ही पदमसिंह पुत्र अमरसिंह के मकान को निशाना बनाया। चोर घर से लोहे के बक्से उठाकर पीछे बाड़े में ले गए और ताले तोड़कर उनमें रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने तथा करीब एक लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।
चोर एक अन्य मकान में भी घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर वे मौके से फरार हो गए। इससे तीसरी चोरी की घटना टल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने से एसआई किशनाराम और एएसआई राजेंद्र सीरवी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी टीम को भी बुलाया गया। टीम ने पैरों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


