पाली। अफ्रीकी संस्कृति की तर्ज पर रविवार को राजापार्क में पहली बार एक अनोखा ड्रम सर्कल इवेंट आयोजित हुआ। इसमें 5 साल के बच्चों से लेकर 50 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने एक साथ बैठकर ड्रम बजाया और संगीत की लय पर थिरकते हुए तनाव मुक्त होने का अनुभव लिया। इस आयोजन की अगुवाई ड्रम एक्सपर्ट श्रेया गुलेरिया ने की।

इन्फिनिटी ग्रुप की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 55 महिला संचालित स्टॉल्स लगाई गईं। महिलाओं ने अपने घरों पर तैयार किए गए फूड और हैंडमेड प्रोडक्ट्स की बिक्री की। किसी ने फास्ट फूड की स्टॉल लगाई तो किसी ने टैटू आर्ट और ब्यूटी केयर की।
आयोजन से जुड़ी नेहा मरलेचा ने बताया कि “इस इवेंट का मकसद ड्रम थेरेपी के जरिए लोगों का तनाव कम करना और मेले के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है।”

ड्रम सर्कल इंडिया से जुड़ी श्रेया गुलेरिया ने बताया कि “अफ्रीकी संस्कृति में ड्रम सर्कल का विशेष महत्व है। खुशी हो या ग़म, हर अवसर पर लोग मिलकर ड्रम बजाते हैं। इससे आपसी समन्वय और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।”

पाली में आयोजित यह पहला ड्रम सर्कल कार्यक्रम रहा, जिसमें संगीत के साथ समाज में महिला सशक्तिकरण और मानसिक स्वास्थ्य के संदेश को खूबसूरती से जोड़ा गया।


