पाली/गुड़ा एंदला।शादी के नाम पर कुंवारे और अधेड़ पुरुषों को ठगने का संगठित गिरोह एक बार फिर सामने आया है। ताजा मामला गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र का है, जहां एक 35 वर्षीय कारपेंटर युवक को शादी के जाल में फंसाकर फर्जी दुल्हन ने लाखों रुपए और कीमती गहने हड़प लिए।
पीड़ित युवक जसराज, निवासी डिंगाई गांव, ने बताया कि मार्च 2025 में पाली के दो परिचितों ने उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली, हाल जयपुर निवासी 31 वर्षीय युवती से करवाई। 2 अप्रैल 2025 को पाली स्थित आर्य समाज मंदिर में दोनों की शादी करवाई गई।
शादी के बाद कुछ दिन सब कुछ सामान्य चला। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। लेकिन महज 10 दिन बाद ही दुल्हन के पीहर पक्ष के लोग घर आए और किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर जसराज से ढाई लाख रुपए उधार ले गए।
इसके बाद 4 मई को जसराज ने पत्नी को महंगा मोबाइल फोन भी दिलाया।
5 मई को पहली बार हुई फरार
5 मई 2025 को जसराज काम पर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी बिना बताए घर से निकल गई। फोन करने पर बताया कि पीहर गई है, लेकिन वापस आने से इनकार करने लगी। कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देने पर 23 जुलाई को वापस लौटी।
करीब दो महीने साथ रहने के बाद 20 सितंबर 2025 को फिर बिना बताए फरार हो गई।
इस बार अपने साथ करीब 4 तोला सोने के गहने, 400 ग्राम चांदी के गहने, और नकद रकम मिलाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपए लेकर चली गई।
जयपुर से बिहार तक तलाश, निकली दो बच्चों की मां, पीड़ित ने पत्नी की तलाश में जयपुर से लेकर बिहार तक चक्कर काटे। इस दौरान जो सच्चाई सामने आई, उससे उसके होश उड़ गए।
जिस महिला को वह अपनी पत्नी समझ रहा था, उसकी 2013 में पहले से शादी हो चुकी थी और उसके दो बेटे भी हैं।
अब न फोन उठाती है, न शादी करवाने वाले मदद कर रहे जसराज का आरोप है कि अब न तो महिला फोन उठा रही है और न ही शादी करवाने वाले लोग कोई जिम्मेदारी ले रहे हैं। उनसे संपर्क करने पर वे कहते हैं, “ये पति-पत्नी का आपसी मामला है।”
पीड़ित थाने से लेकर एसपी ऑफिस और आईजी ऑफिस तक गुहार लगा चुका है, लेकिन तीन महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस बोली – जांच जारी है
गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ने नवंबर में परिवाद दर्ज करवाया है। शादी करवाने वाला व्यक्ति मुंबई में रहता है, जिसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उसके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


