सोजत रोड के समीप सवराड़ गांव स्थित अटल सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें उपखंड अधिकारी महावीर सिंह जोधा ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, अतिक्रमण, आबादी विस्तार, सड़क, नदी सीमांकन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। जलदाय विभाग से संबंधित समस्याओं पर कर्मचारियों को हटाने, पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त करने और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को ढीले तार ठीक करने तथा आवश्यक स्थानों पर नए पोल लगाने के आदेश जारी किए गए।
ग्रामीणों ने सवराड़ में अतिक्रमण हटाने, नदी का सीमांकन कर अवैध कब्जे हटाने, बढ़ती जनसंख्या के अनुसार आबादी क्षेत्र का विस्तार करने तथा अंबेडकर भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी।
मारवाड़ तहसीलदार शिवजीराम बावरी ने ग्रामीणों को गिरदावरी प्रक्रिया, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने व हटाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विकास अधिकारी भागीरथ सिंह ने पेंशन सत्यापन, प्रधानमंत्री आवास योजना के फॉर्म, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रशासक ममता महेंद्र कुमार ने गांव की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए सवराड़ नदी पर दो पुलिया शीघ्र निर्माण, रिसानिया में राशन दुकान खोलने, रिसानिया-सवराड़ सड़क के दोनों किनारों की मरम्मत तथा बेरा नोकड़ा से नदी की ओर नाला निर्माण की मांग रखी।
रात्रि चौपाल में जलदाय, बिजली, कृषि, वन, राजस्व, पंचायती राज, चिकित्सा और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी महावीर सिंह, तहसीलदार शिवजीराम बावरी, विकास अधिकारी भागीरथ सिंह, आरआई कैलाश, पटवारी सत्य श्री मीणा, ग्राम विकास अधिकारी विकास संबल, उपसरपंच भंवरलाल भायल सहित कई जनप्रतिनिधि, वार्डपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन व महिला शक्ति मौजूद रही।
रात्रि चौपाल में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे ग्रामीणों में उम्मीद जगी कि उनकी समस्याओं का समाधान अब कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरातल पर भी दिखाई देगा।


