पाली। पाली पुलिस अपनी अनुपयोगी हो चुकी 16 गाड़ियों को ई-नीलामी के जरिए बेचने जा रही है। इस सूची में फोर व्हीलर से लेकर टू व्हीलर तक शामिल हैं। वर्ष 2011 से 2015 मॉडल की ये गाड़ियां फिलहाल पाली पुलिस लाइन में खड़ी हैं और खरीदारों का इंतजार कर रही हैं।

इन वाहनों को देखने के लिए केवल पाली और राजस्थान ही नहीं, बल्कि गुजरात और महाराष्ट्र से भी लोग पहुंच रहे हैं। इच्छुक खरीदार 22 फरवरी तक पाली पुलिस लाइन में पहुंचकर गाड़ियों का भौतिक निरीक्षण कर सकते हैं। इसके बाद इनकी ऑनलाइन नीलामी MSTC पोर्टल के माध्यम से कराई जाएगी।
जीप, सेवन सीटर और बाइक भी शामिल…
ई-नीलामी में पुलिस जीप, सेवन सीटर वाहन और कई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुरानी गाड़ियों को खरीदकर मॉडिफाई करने का युवाओं में बढ़ता क्रेज इस नीलामी को लेकर उत्साह बढ़ा रहा है। कई खरीदार ऑफ-रोडिंग, प्रोजेक्ट बिल्ड या कलेक्शन के शौक के लिए इन वाहनों में रुचि दिखा रहे हैं।
पारदर्शी रहेगी पूरी प्रक्रिया..
पाली पुलिस लाइन में तैनात MTO विजय विश्नोई ने बताया कि ई-नीलामी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से जहां अनुपयोगी वाहनों को हटाया जा सकेगा, वहीं सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
महत्वपूर्ण जानकारी
निरीक्षण की अंतिम तिथि: 22 फरवरी
स्थान: पाली पुलिस लाइन
नीलामी माध्यम: MSTC पोर्टल
वाहन मॉडल: 2011 से 2015
यह नीलामी पुराने वाहन खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छा अवसर मानी जा रही है।


