सोजत क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचेटिया में राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत बालिकाओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम राजपुरोहित ने लाभान्वित छात्राओं को अपने करकमलों से साइकिल वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे पढ़ाई में और अधिक मन लगाकर आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
अध्यापक अमरचंद सामरिया ने बताया कि राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे। इसमें प्रधानाचार्य राधेश्याम राजपुरोहित, वरिष्ठ अध्यापक ललितसिंह आढा, अरविंद शर्मा, अमरचंद सामरिया, घीसाराम परिहार, शारीरिक शिक्षक राजूराम पूनिया, छगनराव, जयप्रकाश, अरविंद जोशी, अनिल जोशी, नरेंद्रसिंह और लाखनसिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
साइकिल मिलने से बालिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सरकार तथा विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

