पाली शहर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बस में चढ़ते समय गिरने से 57 वर्षीय महिला के दोनों पैर रोडवेज बस के पहिए की चपेट में आ गए।
बस में चढ़ते समय हुआ हादसा…
जानकारी के अनुसार, पाली के धोला चौतरा निवासी भाग्यवती (57) पत्नी बृजमोहन शनिवार सुबह करीब 5 बजे बस स्टैंड पहुंचीं। उन्हें भीलवाड़ा में परिचितों के यहां कथा में शामिल होने जाना था।
बस में चढ़ने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं। इसी दौरान बस का पिछला पहिया उनके दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
गंभीर चोटें, तुरंत अस्पताल में भर्ती…
हादसे में महिला के एक पैर में दो जगह फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरे पैर में भी गंभीर चोट आई और चमड़ी कई जगह से हट गई।
घायल अवस्था में महिला को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमरजेंसी में इलाज शुरू किया।
ढाई घंटे चला ऑपरेशन…
बांगड़ हॉस्पिटल के डॉक्टर कृष्ण पूनिया के अनुसार, यूनिट हेड राजेंद्र डिडेल की देखरेख में महिला का ऑपरेशन किया गया।
यह ऑपरेशन करीब 2 से ढाई घंटे तक चला इसमें डॉ. प्रदीप चौधरी और डॉ. सुनील की टीम भी शामिल रही सर्जरी के दौरान टूटे हुए पैर की हड्डी को जोड़ दिया गया
हादसे ने उठाए सवाल…
यह घटना एक बार फिर बस स्टैंड पर सुरक्षा और यात्रियों की सावधानी को लेकर सवाल खड़े करती है। भीड़भाड़ और जल्दबाजी के बीच ऐसे हादसे कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।
फिलहाल महिला का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

