पाली। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा 2024 का परिणाम शनिवार को घोषित हुआ और इस बार पाली जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर दिया। रानी की याशिका कच्छवाह और पाली शहर की अक्षिका तिवाड़ी ने सफलता हासिल करते हुए नई मिसाल पेश की, वहीं एक ही परिवार के तीन बच्चों का RAS में चयन चर्चा का विषय बना हुआ है।

याशिका कच्छवाह ने फिर दिखाई प्रतिभा…
रानी की रहने वाली याशिका कच्छवाह ने RAS 2024 में 75वीं रैंक हासिल की है। इससे पहले भी वह RAS 2023 में 105वीं रैंक प्राप्त कर चुकी हैं। वर्तमान में वह राजस्थान तहसीलदार सेवा में परिवीक्षा के दौरान अजमेर में कार्यरत हैं।
याशिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रानी में और उच्च शिक्षा जोधपुर में पूरी की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह जयपुर में भी रही। उनके पिता विरेंद्र सिंह कच्छवाह रानी में पेट्रोल पंप संचालित करते हैं।
पहले प्रयास में अक्षिका तिवाड़ी की सफलता..
मोहन नगर, पाली की अक्षिका तिवाड़ी ने अपने पहले ही प्रयास में 756वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। खास बात यह रही कि रिजल्ट आने के समय वह एमए की परीक्षा देकर बाहर निकली थीं।
परिणाम की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों ने उन्हें बधाई दी और खुशी का माहौल बन गया।
एक ही परिवार के तीन-तीन RAS, पिता का सपना हुआ साकार..

पाली जिले के बिसलपुर (हाल जोधपुर) निवासी सेवानिवृत्त RAS अधिकारी चंदनसिंह चौहान के परिवार ने अनोखी उपलब्धि हासिल की है। उनकी सबसे छोटी बेटी मोनिका सिंह चौहान ने दूसरे प्रयास में 39वीं रैंक प्राप्त की।
बड़े बेटे महेंद्रसिंह चौहान का चयन RAS 2023 में हुआ और वे वर्तमान में श्रम निरीक्षक हैं।
छोटे बेटे ईश्वरसिंह चौहान BDO के पद पर कार्यरत हैं।
मोनिका ने जोधपुर के लाचू कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की। 2023 में 651वीं रैंक मिलने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में शानदार सुधार करते हुए 39वीं रैंक हासिल की।
मोनिका का कहना है कि उन्होंने बिना कोचिंग, घर पर रहकर पापा और भाइयों की प्रेरणा से यह मुकाम हासिल किया।
जिले में खुशी की लहर...
तीनों सफल अभ्यर्थियों के घरों में जश्न का माहौल है। परिजनों और मित्रों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी।


