लॉस वेगास के Allegiant Stadium में आयोजित WrestleMania 42 ने एक ऐतिहासिक और भावुक पल को जन्म दिया। रविवार रात ‘द बीस्ट’ के नाम से मशहूर ब्रॉक लेसनर ने उभरते सितारे ओबा फेमी से करारी हार के बाद प्रोफेशनल रेसलिंग को अलविदा कह दिया।
मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, लेकिन 48 वर्षीय लेसनर पर ओबा फेमी की ताकत भारी पड़ी। फेमी ने अपने दमदार फिनिशिंग मूव ‘फॉल फ्रॉम ग्रेस’ का इस्तेमाल करते हुए लेसनर को चित कर दिया और इस जीत के साथ खुद को WWE के भविष्य के रूप में स्थापित कर लिया।

भावुक हो उठा पूरा स्टेडियम…
मैच खत्म होते ही पूरा स्टेडियम “Thank You Brock” के नारों से गूंज उठा। लेसनर की आंखों में भावनाएं साफ झलक रही थीं। उन्होंने परंपरा निभाते हुए अपने ग्लव्स और जूते रिंग के बीच उतार दिए—जो रिटायरमेंट का संकेत माना जाता है।
इसके बाद उन्होंने अपने लंबे समय के मैनेजर और दोस्त Paul Heyman को गले लगाया। रिंग से बाहर निकलने से पहले लेसनर घुटनों के बल बैठे और रिंग के कैनवास को चूमकर विदाई ली। यह पल देखकर हजारों फैंस की आंखें नम हो गईं।
एक युग का अंत, नए युग की शुरुआत…
ब्रॉक लेसनर की यह हार सिर्फ एक मैच का अंत नहीं, बल्कि उनके दो दशक से ज्यादा लंबे शानदार करियर का भावुक समापन बन गई। वहीं, ओबा फेमी की यह जीत WWE में एक नए युग की शुरुआत का संकेत दे रही है।


