पाली शहर में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आवारा कुत्ते ने हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ते ने एक बुजुर्ग महिला के चेहरे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं एक बुजुर्ग और एक बच्चे को भी नहीं बख्शा।

झाड़ू लगा रही महिला पर अचानक हमला…
हाऊसिंग बोर्ड निवासी 54 वर्षीय लीलादेवी अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। तभी पास में खड़े एक लोडिंग टेम्पो के नीचे बैठे कुत्ते ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया और उनके चेहरे को बुरी तरह नोच लिया।
घबराई लीलादेवी ने झाड़ू से बचाव किया, लेकिन कुत्ता दोबारा हमला कर बैठा। इस हमले में उनके मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आईं। वे किसी तरह घर पहुंचीं, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल लेकर गए।
गुजर रहे बुजुर्ग पर भी हमला…
महिला पर हमला करने के बाद कुत्ता फिर से टेम्पो के नीचे बैठ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग पर उसने हमला कर उनके पैर पर काट लिया। बुजुर्ग ने लाठी से किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन उनकी पहचान सामने नहीं आ पाई है।

स्कूटी सवार बच्चे को गिराकर काटा…
कुछ ही दूरी पर 13 वर्षीय आदित्य कवाड़ स्कूटी से जा रहा था। कुत्ते ने उसका पीछा किया, स्कूटी से गिराया और उसके पैर पर काट लिया। घायल आदित्य को भी परिजन तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
दूसरी घटना: 10 साल के बच्चे पर हमला...
इसी दिन शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर में 10 वर्षीय वंश (पुत्र राजेन्द्र रावत) पर भी एक कुत्ते ने हमला कर दिया। उसके पैर पर दो जगह काटने के बाद परिजन उसे भी इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
सीसीटीवी में कैद हुआ हमला…
लीलादेवी पर कुत्ते के हमले की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई है।
लोगों में दहशत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग…
लगातार हो रहे इन हमलों से कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


