पाली। शहर के नवलखा रोड पर गुरुवार रात भीड़ के बीच खड़े एक युवक को रहस्यमय परिस्थितियों में गोली लग गई। गोली उसकी जांघ में जाकर करीब 9 सेंटीमीटर तक धंस गई और हड्डी में फंस गई। घटना में युवक के प्राइवेट पार्ट पर भी चोट आई है। घायल युवक का बांगड़ अस्पताल में उपचार जारी है, जहां चिकित्सकों की टीम ऑपरेशन कर गोली निकालने की तैयारी में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार इंद्रा कॉलोनी निवासी नदीम (21) पुत्र शौकत अली गुरुवार रात नवलखा रोड पर मौजूद था। इसी दौरान उसे अचानक तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द बढ़ने पर वह भीड़ से अलग होकर कुछ दूरी पर गया और पैंट खोलकर देखा तो खून बह रहा था। इसके बाद उसने अपने एक मित्र को फोन कर बुलाया, जिसने उसे तुरंत बांगड़ अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में एक्स-रे जांच के दौरान चिकित्सकों को युवक की जांघ की हड्डी में गोली फंसी हुई दिखाई दी। डॉक्टरों के अनुसार गोली करीब 9 सेंटीमीटर अंदर तक घुस गई है, जिसे ऑपरेशन के जरिए निकाला जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी मंगलेश चुण्डावत और कोतवाली थाना प्रभारी रवींद्र खींची पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कहां से चली और किन परिस्थितियों में युवक को लगी। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

