बगड़ी नगर । कस्बे में लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर पर 23 अगस्त को भव्य मेले का आयोजन होगा। मेले को लेकर नगर में अभी से उत्साह और उमंग का माहौल दिखाई देने लगा है। बाबा रामदेवजी के दर्शन और मेले में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेले को लेकर नगर के बाजार सजने लगे हैं और जगह-जगह झूले एवं विभिन्न प्रकार की दुकानें लगने लगी हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए आकर्षक झूलों के साथ खान-पान, खिलौने, प्रसाद और अन्य सामग्री की दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
मेले की तैयारियों के चलते बाजार की रौनक देखते ही बन रही है और पूरा मार्केट रोशनी से जगमगाने लगा है। वहीं रामदेवरा मंदिर में आकर्षक विद्युत रोशनी एवं विशेष लाइट डेकोरेशन किया जा रहा है। शाम होते ही मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठता है, जिससे मंदिर की भव्यता और भी निखर रही है।


