सोजत। आगामी नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उपखंड कार्यालय सोजत में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने की।
बैठक में नगरपालिका आम चुनाव 2026 के संबंध में आदर्श आचार संहिता के पालन तथा राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। रिटर्निंग अधिकारी रवि प्रकाश ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान आयोग की गाइडलाइन एवं निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में सोजत उपखंड क्षेत्र के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक जानकारी भी साझा की गई।
इस दौरान तहसीलदार कूप सिंह, नायब तहसीलदार सोजत मोहन लाल, बगड़ी माधुराम, चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक, मनोहर पालड़िया एवं सुरेंद्र सिंह लखावत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

